

हरिद्वार, हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज के कांसवाली बीट स्थित आरक्षित वन क्षेत्र में गुरुवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक वन गुर्जर की मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग और पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग और श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान गुर्जर समुदाय के एहसान के रूप में हुई है, जो पास की गुर्जर बस्ती का निवासी था। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह वह घास लेने के लिए आरक्षित वन क्षेत्र में गया था। इसी दौरान वहां मौजूद एक जंगली हाथी ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हाथी ने उसे कई बार पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध भी अधिकारियों के साथ घटनास्थल पहुंचे और आसपास का निरीक्षण किया। जांच में हाथी की मौजूदगी के साक्ष्य मिले हैं, जिसके आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। एहतियात के तौर पर घटना स्थल के आसपास लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एहसान अकेले ही जंगल में गया था और इसी दौरान उसका हाथी से सामना हो गया। वन विभाग ने घटनास्थल के फोटो, जीपीएस लोकेशन और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सहित अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने लोगों से अपील की है कि हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें और बिना आवश्यकता आरक्षित वन क्षेत्रों में प्रवेश न करें। वहीं, घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
