पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर घेरा, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

रुड़की। उत्तराखंड में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और सरकारी शिक्षा व्यवस्था की बदहाली को लेकर सुराज सेवा दल ने केंद्र सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग की।

रुड़की तहसील अध्यक्ष नितिन कटारिया के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में बार-बार पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में धांधली और परीक्षाएं रद्द होने की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वर्षों की मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का परीक्षा प्रणाली से विश्वास उठता जा रहा है।

संगठन ने उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से जुड़े पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों एवं अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा सभी भर्ती और शैक्षणिक परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने की मांग की।

ज्ञापन में सरकारी विद्यालयों की बिगड़ती स्थिति और स्कूलों के बंद होने पर भी चिंता जताई गई। सुराज सेवा दल ने बंद किए गए विद्यालयों पर पुनर्विचार करने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ठोस नीति लागू करने की मांग की।

संगठन ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार हो रही विफलताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि युवाओं की मांगों की अनदेखी की गई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।

इस दौरान नितिन कटारिया, नौसाद प्रधान, खलील प्रधान, आलिम, सभासद रहीश, डॉ. सतबीर, आदिल, विनोद राणा, आदित्य राणा, सुशील कटारिया, नदीम, रियाजुल, ईनाम, हाजी इसरार, फुरकान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।