सोशल मीडिया वीडियो पर कार्रवाई की मांग, कलियर कोतवाली में सौंपी तहरीर

पिरान कलियर। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए सैकड़ों लोगों ने पिरान कलियर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

नगर पंचायत प्रतिनिधि सलीम अहमद, रामपुर नगर पंचायत अध्यक्ष परवेज सुल्तान, सभासद प्रतिनिधि गुलफाम साबरी, राशिद अली, अजीम सलमानी और गुलजार चौधरी समेत बड़ी संख्या में लोगों ने पुलिस को दिए ज्ञापन में आरोप लगाया कि हिंदू रक्षा दल के कुछ पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कलियर स्थित वक्फ बोर्ड की मस्जिद, दरगाह और अन्य धार्मिक स्थलों को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। उनका कहना है कि ऐसे बयान क्षेत्र में धार्मिक उन्माद फैलाने और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले हैं।

शिकायतकर्ताओं ने कहा कि पिरान कलियर देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ सर्वधर्म समभाव का प्रतीक है। ऐसे बयानों से क्षेत्र की शांति और भाईचारे पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों द्वारा इससे पहले भी कलियर को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान नोमी मियां, शादाब, मुत्ताहिद, सोनू कश्यप, सोएब, सद्दाम, अशरफ, नवाब समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।