पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या, जंगल में गड्ढे में दबे मिले शव

पथरी। थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में रहने वाले दो साधुओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों के शव मंदिर के समीप जंगल में गड्ढा खोदकर दबाए गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। मामले में दो दिन पहले मंदिर में ठहरे तीन साधुओं पर हत्या का संदेह जताया जा रहा है, जो घटना के बाद से फरार हैं।

पुलिस के अनुसार, मंदिर के एक सेवादार ने साधु सेवा गिरी और उत्तम गिरी के लापता होने तथा अनहोनी की आशंका की सूचना दी थी। सूचना पर पथरी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मंदिर के पास जंगल में खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।

प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शवों को गड्ढे में दफना दिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर सुयाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की प्रगति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में दो दिन पहले मंदिर में ठहरे तीन साधुओं पर संदेह जताया गया है। घटना के बाद से तीनों फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

एसपी देहात शेखर सुयाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।