ब्रेक फेल होने से टेंपो ट्रैवलर हादसे का शिकार, दो महिलाओं की मौत, 27 घायल

कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग के ब्लैक स्पॉट ‘प्रिया बैंड’ पर हुआ दर्दनाक हादसा, मेरठ के एक ही परिवार के 29 लोग थे सवार

नैनीताल/कालाढूंगी। नैनीताल की सैर कर खुशगवार यादें समेटकर लौट रहे मेरठ के एक ही परिवार के 29 लोगों के लिए यह यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई। कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर वाहन के ब्रेक फेल होने के बाद टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए पेड़ से जा टकराया और खाई की ओर झुक गया। हादसे में वाहन का शीशा टूटने से दो महिलाएं गहरी खाई में गिर गईं, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 27 अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार मेरठ के इस्लामाबाद काला फैक्टरी क्षेत्र के रहने वाले आपस में रिश्तेदार कई परिवार नैनीताल घूमने आए थे। दिनभर नैनीताल में बोटिंग और पर्यटन स्थलों का आनंद लेने के बाद सभी लोग टेंपो ट्रैवलर से वापस लौट रहे थे। तभी कालाढूंगी से पहले वाहन के ब्रेक अचानक फेल हो गए।

घायल चालक नईम ने बताया कि ब्रेक फेल होने के बाद उसने वाहन को नियंत्रित करने की हरसंभव कोशिश की। यात्रियों की सुरक्षा के लिए उसने वाहन को डिवाइडर से टकराकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन रफ्तार अधिक होने के कारण डिवाइडर टूट गया और वाहन सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में बैठे यात्री आगे की ओर उछल गए और पीछे का शीशा टूट गया। इसी दौरान नाज़मीन और फरद बेगम खाई में जा गिरीं। परिजनों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।

स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

हादसे के तुरंत बाद धमोला निवासी अजय और जैक्सन स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मची हुई थी तथा महिलाएं और बच्चे बेहद सहमे हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से वाहन में फंसे सभी 27 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए अजय और जैक्सन ने अपनी निजी कार का उपयोग किया, जबकि अन्य घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।

21 घायल एसटीएच में भर्ती

सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) के चिकित्सक डॉ. दीपक जोशी ने बताया कि अस्पताल में कुल 21 घायलों को भर्ती कराया गया है, जिनमें 9 महिलाएं, 10 पुरुष और 2 बच्चे शामिल हैं। आधा दर्जन घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिनका सीटी स्कैन कराया गया है। सभी घायलों की हालत पर चिकित्सकों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं छह अन्य घायलों का उपचार कालाढूंगी के स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

ब्लैक स्पॉट बना हादसों का कारण

जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग का कुख्यात ‘प्रिया बैंड’ (अंधा मोड़) है। प्रशासन द्वारा इसे पहले ही ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित किया जा चुका है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मोड़ पर पूर्व में भी कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। हादसे के बाद एक बार फिर इस संवेदनशील मोड़ पर सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग उठने लगी है।