


वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका अगले दो सप्ताह के भीतर ईरान के साथ जारी विवाद में “पूर्ण जीत” हासिल कर लेगा। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ परमाणु समझौते को लेकर बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है और जल्द ही बड़ा परिणाम सामने आ सकता है। ट्रंप ने यह बयान एक वर्चुअल चुनावी कार्यक्रम के दौरान दिया।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत जारी है तथा तेहरान समझौते के लिए तैयार दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार, ईरान परमाणु हथियार विकसित नहीं करने सहित अमेरिका की प्रमुख शर्तों को स्वीकार करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, “हम बातचीत कर रहे हैं और वे एक अच्छा समझौता करना चाहते हैं। वे हमें सब कुछ देने को तैयार हैं। वे परमाणु हथियार नहीं रखने के लिए भी तैयार हैं।”

अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि आने वाले दो सप्ताह में स्थिति पूरी तरह बदल सकती है। उनका कहना था कि जब अमेरिका अपनी “पूर्ण जीत” की घोषणा करेगा तो इसका असर वैश्विक तेल बाजार पर भी पड़ेगा और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखने को मिल सकती है।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान और इस्राइल के बीच हालिया सैन्य तनाव में कुछ कमी आती दिखाई दे रही है। दोनों देशों के बीच हाल में हुए जवाबी हमलों के बाद क्षेत्र में व्यापक युद्ध की आशंका बढ़ गई थी, लेकिन अब दोनों पक्षों ने अपने सैन्य अभियान फिलहाल रोक दिए हैं।
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पुष्टि की है कि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई फिलहाल रोक दी गई है, हालांकि उन्होंने औपचारिक युद्धविराम की घोषणा नहीं की। दूसरी ओर, ईरान ने भी हमले रोकने की बात कही है, लेकिन चेतावनी दी है कि यदि इस्राइल की ओर से फिर हमला हुआ तो वह तत्काल जवाबी कार्रवाई करेगा।
इस बीच, ईरान की ओर से भी संकेत मिले हैं कि वह अमेरिका के साथ शांति वार्ता जारी रखने को तैयार है। हालांकि समझौते की समय-सीमा को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है। एक टीवी कार्यक्रम में जब ट्रंप से पूछा गया कि यदि ईरान समझौते के लिए तैयार है तो उसने अब तक उस पर हस्ताक्षर क्यों नहीं किए, तो उन्होंने कहा कि ईरानी नेतृत्व मजबूत और स्वाभिमानी है तथा उसके लिए कुछ शर्तों को स्वीकार करना आसान नहीं है। इसी कारण वार्ता प्रक्रिया में समय लग रहा है।
