पानी की टंकी में मिले 27 सांपों के बच्चे, वन विभाग ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

हरिद्वार। सराय गांव में सोमवार दोपहर एक परिवार उस समय दहशत में आ गया, जब घर की पानी की टंकी में एक-दो नहीं बल्कि 27 सांपों के बच्चे दिखाई दिए। टंकी में पानी भरने के दौरान सांपों की हलचल नजर आते ही परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी सांपों के बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, सराय गांव स्थित एक मकान की पानी की टंकी में अचानक बड़ी संख्या में सांपों के बच्चे तैरते हुए दिखाई दिए। यह दृश्य देखकर परिवार के सदस्य घबरा गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए परिवार ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी।

सूचना पर स्नेक रेस्क्यू विशेषज्ञ तालिब और भोला मौके पर पहुंचे। दोनों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाते हुए टंकी से कुल 27 सांपों के बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि रेस्क्यू किए गए सभी बच्चे चेकर्ड कीलबैक (वाटर स्नेक) प्रजाति के हैं। यह सांप विषैले नहीं होते और सामान्यतः तालाब, नहर, जलाशय तथा अन्य जल स्रोतों के आसपास पाए जाते हैं।

उन्होंने बताया कि ये सांपों के बच्चे लगभग एक से डेढ़ सप्ताह के हैं। संभावना है कि किसी मादा सांप ने सुरक्षित स्थान समझकर टंकी के आसपास अंडे दिए होंगे, जिनसे हाल ही में ये बच्चे निकले हैं।

वन विभाग ने सभी सांपों के बच्चों को सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।