सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए चला जागरूकता अभियान, हेलमेट वितरित

रुड़की,
सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अमर होंडा द्वारा सिविल लाइन कोतवाली परिसर में मेगा रोड सेफ्टी अवेयरनेस अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत पुलिस कर्मियों, राहगीरों और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट वितरित किए गए। साथ ही विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने अमर होंडा द्वारा वितरित किए जा रहे हेलमेट की विशेषताओं की जानकारी देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता से सफल होने वाला जनअभियान है।

उन्होंने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर चोटों और मौतों को हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है। इसलिए प्रत्येक दोपहिया वाहन चालक को अपनी सुरक्षा के साथ-साथ अपने परिवार की सुरक्षा के लिए भी हेलमेट का नियमित उपयोग करना चाहिए।

एसपी देहात ने कहा कि जिस प्रकार हेलमेट व्यक्ति के जीवन की रक्षा करता है, उसी प्रकार पेड़-पौधे मानव जीवन और पर्यावरण की सुरक्षा करते हैं। उन्होंने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के साथ-साथ अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण दोनों को जनआंदोलन का रूप देना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के दौरान सीओ रुड़की ओसीन जोशी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट तथा एसएसआई धर्मेंद्र राठी भी मौजूद रहे। अमर होंडा के निदेशक राहुल सिंघल और नितिन सिंघल ने शोरूम कर्मचारियों के साथ मिलकर पुलिस कर्मियों और राहगीरों को हेलमेट वितरित किए तथा सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया गया।