


रुड़की। शहर के डबल फाटक स्थित एक होटल में युवक और युवती के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में कीटनाशक सेवन की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, युवक और युवती ने बृहस्पतिवार शाम होटल में कमरा बुक कराया था। शुक्रवार सुबह होटल कर्मचारी सफाई के लिए पहुंचे और कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कर्मचारियों ने उन्हें सोया हुआ समझकर वापस लौट गए। दोपहर करीब 12 बजे चेकआउट का समय होने पर दोबारा दरवाजा खटखटाया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

संदेह होने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दूसरी चाबी से कमरा खुलवाया तो दोनों अचेत अवस्था में पड़े मिले। जांच के दौरान कमरे से कुछ साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
मृत युवक की पहचान नाथुखेड़ी निवासी सागर के रूप में हुई है, जबकि युवती लंढौरा क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई है। हालांकि घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
