


चमोली। उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला जारी है। राज्य में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। इनमें चमोली जिले में हुआ हादसा सबसे दर्दनाक रहा, जहां एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात चमोली जिले के रूपकुंड मार्ग पर ल्वाणी गांव के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 400 से 500 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्य अपने रिश्तेदार भजन सिंह का शव लेकर देहरादून से गांव लौट रहे थे। भजन सिंह की उपचार के दौरान देहरादून में मृत्यु हो गई थी। उनका शव एक निजी एंबुलेंस में ले जाया जा रहा था, जबकि परिवार के छह सदस्य दूसरे वाहन में सवार थे। इसी दौरान वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरा।
मृतकों की पहचान बलबीर सिंह बिष्ट, उनकी पत्नी शांति देवी और पुत्र अंशु बिष्ट के रूप में हुई है। हादसे में घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस और राहत-बचाव दल ने रात में ही मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है।
