तेज आंधी से विशाल पेड़ गिरा, भवन क्षतिग्रस्त; कई खोखे और फुटपाथ तबाह

हरिद्वार। बृहस्पतिवार देर रात आई तेज आंधी ने शहर में व्यापक नुकसान पहुंचाया। भीमगोड़ा क्षेत्र में एक विशाल वृक्ष अचानक धराशायी हो गया, जिससे पास स्थित एक भवन क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं कई खोखे और फुटपाथ भी इसकी चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गए।

पेड़ गिरने से क्षेत्र में आवागमन बाधित हो गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार सुबह स्थानीय निवासियों और नगर निगम की टीम ने संयुक्त रूप से राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद पेड़ को काटकर हटाया गया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सुचारु हो सका।

आंधी का असर केवल भीमगोड़ा तक ही सीमित नहीं रहा। बीएचईएल क्षेत्र, रोशनाबाद स्थित आरटीओ कार्यालय परिसर और सिडकुल क्षेत्र में भी कई पेड़ तथा उनकी बड़ी-बड़ी शाखाएं टूटकर सड़कों और खुले स्थानों पर गिर गईं। इससे कुछ समय के लिए आवाजाही और दैनिक गतिविधियां प्रभावित रहीं।

सुबह होते ही सफाई कर्मियों और संबंधित विभागों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर गिरे हुए पेड़ों और टहनियों को हटाने का कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि समय रहते रास्तों को साफ कर सामान्य व्यवस्था बहाल कर दी गई। आंधी से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।