


देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बृहस्पतिवार को तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे। अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला उत्तराखंड दौरा है, जिसे लेकर भाजपा संगठन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। दौरे के पहले ही दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष दो महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नितिन नवीन शाम 4:35 बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वह सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय जाएंगे, जहां शाम 6:15 बजे कोर कमेटी की बैठक लेंगे। इसके बाद मंत्रियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। एयरपोर्ट से भाजपा मुख्यालय तक करीब 25 स्थानों पर उनका स्वागत किया जाएगा। स्वागत कार्यक्रम में युवा एवं महिला कार्यकर्ता पारंपरिक परिधान में नजर आएंगे।

शुक्रवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बीसी खंडूड़ी के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और शोक संतप्त परिवार से भेंट करेंगे। इसके बाद राजपुर रोड स्थित वेलकम होटल में विभिन्न बैठकों का सिलसिला शुरू होगा।
सुबह 11 बजे सांसदों और विधायकों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। दोपहर दो बजे प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, महामंत्रियों, जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों एवं जिला अध्यक्षों के साथ विस्तृत चर्चा होगी। शाम चार बजे महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे।
इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी सेल एवं प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ भी बैठक करेंगे। शाम को वह ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन में गंगा आरती में शामिल होंगे और संतों के साथ संवाद करेंगे।
दौरे के अंतिम दिन शनिवार को नितिन नवीन टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद वह बूथ संख्या 141 के बूथ अध्यक्ष के डाकरा, गढ़ी कैंट स्थित आवास पर जलपान करेंगे तथा बूथ समिति 138, दुर्गामल्ल मंडल की बैठक में भाग लेंगे।
सुबह 11 बजे वह सिंघनीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित कॉन्क्लेव में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर दो बजे मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में युवा संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार शाम 4:35 बजे वह देहरादून एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
