श्रमिक हिंसा मामले में बड़ा खुलासा, डायरी में मिला ‘ब्लूप्रिंट’—दिल्ली से आरोपी गिरफ्तार

Noida/Delhi: श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन मामले में जांच के दौरान लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में दिल्ली से गिरफ्तार आरोपी के घर से एक डायरी बरामद हुई है, जिसमें नोएडा हिंसा का कथित ब्लूप्रिंट और विभिन्न राज्यों में प्रस्तावित आंदोलनों का उल्लेख मिला है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, इस डायरी से कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर नेटवर्क और गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। इससे पहले एसटीएफ ने तमिलनाडु से मामले के कथित मास्टरमाइंड आदित्य आनंद को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद 19 अप्रैल को उसके सहयोगी हिमांशु ठाकुर को भी दिल्ली से हिरासत में लिया गया।

हिमांशु मूल रूप से उधमसिंह नगर का निवासी बताया जा रहा है और वह एक श्रमिक संगठन से जुड़ा हुआ था। उसके शालीमार गार्डन स्थित घर से मिली डायरी में कथित तौर पर नोएडा हिंसा की योजना का जिक्र पाया गया है।

एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी और उसके सहयोगी विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में जाकर छात्रों को आंदोलनों में शामिल होने के लिए प्रेरित करते थे। कई छात्रों को नोएडा समेत अन्य शहरों में हुए श्रमिक प्रदर्शनों से जोड़ने के प्रयास किए गए।

फिलहाल पुलिस और एसटीएफ मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।