फर्जी जाति प्रमाणपत्र पर नौकरी पाने वाली सहायक अध्यापिका पर मुकदमा दर्ज

Rishikesh: शिक्षा विभाग में फर्जी जाति प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी हासिल करने के मामले में एक सहायक अध्यापिका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह कार्रवाई उप शिक्षा अधिकारी डोईवाला की शिकायत पर की गई है।

प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुंठी के अनुसार, राजकीय प्राथमिक विद्यालय जौलीग्रांट प्रथम में तैनात सहायक अध्यापिका सीमा देवी के जाति प्रमाणपत्र की जांच में गंभीर अनियमितता सामने आई। विभागीय जांच में उनका प्रमाणपत्र फर्जी पाया गया, जिसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

विभाग ने तत्काल प्रभाव से उनकी नियुक्ति निरस्त करने के आदेश भी जारी कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, सीमा देवी की नियुक्ति वर्ष 2013 में उप शिक्षा अधिकारी, विकासखंड प्रतापनगर (टिहरी गढ़वाल) द्वारा की गई थी।

शिक्षा विभाग को प्रमाणपत्र पर संदेह होने के बाद आंतरिक जांच शुरू की गई थी। गहन जांच के दौरान प्रमाणपत्र की सत्यता संदिग्ध पाई गई और अंततः यह फर्जी साबित हुआ।

इस गंभीर मामले को देखते हुए विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कानूनी और विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।