

रुड़की के बीटी गंज क्षेत्र स्थित Punjab National Bank की शाखा में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के व्यापारियों और ग्राहकों में हड़कंप मच गया।

सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

घटना के समय बैंक के कर्मचारी और कुछ ग्राहक अंदर मौजूद थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि आग पर जल्द नियंत्रण पा लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि बाजार में अतिक्रमण के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उनका कहना है कि अगर रास्ता समय पर साफ नहीं होता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगाए गए लोहे के पीलर अतिक्रमण को बढ़ावा दे रहे हैं और इन्हें हटाया जाना चाहिए।
घटना के बाद कुछ समय के लिए बैंक का कामकाज प्रभावित रहा, हालांकि अब स्थिति सामान्य है। इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

