हरक सिंह रावत ने मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को सहसपुर से चुनाव लड़ने की दी चुनौती

बोले- भाजपा मेरे खिलाफ ऐसे लोगों से बयान दिला रही है, जो प्रधान का चुनाव नहीं जीत सकते

देहरादून। कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने सहसपुर विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उनके खिलाफ ऐसे लोगों से बयान दिलवा रही है, जो ग्राम प्रधान का चुनाव तक नहीं जीत सकते।

रविवार को मीडिया से बातचीत में हरक सिंह रावत ने कहा कि वह सहसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उनके खिलाफ झूठा प्रचार कर रही है। इसी के चलते उन्होंने मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को सहसपुर से चुनाव लड़कर दिखाने की चुनौती दी।

हरक सिंह रावत ने कहा कि अभी तक किसी का टिकट अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है। पार्टी हाईकमान जिसे भी प्रत्याशी बनाएगा, सभी कांग्रेस कार्यकर्ता उसकी जीत के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रत्याशी का चेहरा नहीं देखना है, बल्कि कांग्रेस का चुनाव चिह्न ही प्रत्याशी का चेहरा होना चाहिए।