रुड़की, 31 अक्टूबर 2026। रोटरी क्लब रुड़की एलीट द्वारा सामाजिक सेवा एवं स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए जूनियर हाई स्कूल, सीबीआरआई में दंत चिकित्सा जाँच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 60 विद्यार्थियों के दाँतों की जाँच की गई तथा उन्हें दाँतों की उचित देखभाल और मौखिक स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में दंत चिकित्सक डॉ. सिम्मी मल्होत्रा एवं डॉ सबीना ने विद्यार्थियों के दाँतों की जाँच की और उन्हें नियमित रूप से ब्रश करने, दाँतों एवं मसूड़ों की स्वच्छता बनाए रखने तथा दाँतों से संबंधित समस्याओं को नजरअंदाज न करने की सलाह दी। शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों में कम उम्र से ही दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करना और उन्हें स्वस्थ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करना था ।
प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर अशोक गोयल ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल और उन्हें जागरूक करना समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है। हमारा प्रयास है कि ऐसे शिविरों के माध्यम से बच्चों को स्वास्थ्य जाँच एवं उचित मार्गदर्शन मिले। क्लब अध्यक्ष नीता मित्तल ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य और उनकी बेहतर देखभाल समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान में सहायक होते हैं।
क्लब सचिव रमा गुप्ता ने कहा कि रोटरी क्लब रुड़की एलीट समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर बच्चों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है एवं उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए डॉ.सिम्मी मल्होत्रा, डॉ .सबीना, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य और स्वच्छता पर ध्यान देने पर भी जोर दिया ।
अक्सर बच्चे दाँतों से जुड़ी छोटी-छोटी समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं, जो आगे चलकर गंभीर परेशानी का कारण बन सकती हैं। ऐसे शिविर बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों को भी जागरूक करने का एक अच्छा माध्यम हैं। इस अवसर पर क्लब सदस्य राधेश्याम गुप्ता, सौमेन कर्माकर, प्रीति अग्रवाल, नीरू गोयल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य स्टाफ सदस्य तथा विद्यार्थियों के अभिभावक भी कार्यक्रम में शामिल हुए और इस पहल की सराहना की। सभी ने बच्चों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के ऐसे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। रोटरी क्लब रुड़की एलीट शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। क्लब का विश्वास है कि स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज की नींव हैं।
