एक लाख का इनामी फरार आरोपी देहरादून में गिरफ्तार, संयुक्त टीम की बड़ी सफलता

देहरादून। उड़ीसा के कटक जिला कारागार से फरार एक लाख रुपये के इनामी आरोपी को देहरादून, टिहरी और उड़ीसा पुलिस की संयुक्त टीम ने इंद्रमणि बडोनी चौक के समीप से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को उड़ीसा पुलिस के सुपुर्द करने की बात कही है।

प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजा साहनी (34), निवासी बेगूसराय (बिहार), 2 अक्तूबर 2025 को कटक की जिला कारागार की दीवार फांदकर न्यायिक अभिरक्षा से फरार हो गया था। आरोपी डकैती और दोहरे हत्याकांड के मामले में जेल में बंद था।

उड़ीसा पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही थी। बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे उड़ीसा पुलिस ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि आरोपी की लोकेशन त्रिवेणी घाट क्षेत्र में दिखाई दे रही है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट अपनी टीम और उड़ीसा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और सर्विलांस के जरिए आरोपी का पीछा शुरू किया।

करीब ढाई बजे ढालवाला रोड स्थित सुमन पार्क के पास एक संदिग्ध कार को रोका गया। कार में एक महिला समेत चार लोग सवार थे। पीछे की सीट पर बैठे व्यक्ति को उड़ीसा पुलिस ने राजा साहनी के रूप में पहचान लिया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, कार में सवार अन्य तीन लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को उड़ीसा पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा।

दशहरे के दौरान फरार हुए थे आरोपी

जानकारी के मुताबिक, राजा साहनी और उसके एक साथी को पाणीकोइली स्थित पंडा ज्वेलरी शॉप में डकैती और फायरिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों ने दोनों को पकड़कर पुलिस को सौंपा था।

2 अक्तूबर 2025 को दशहरे के दौरान, जब जेल कर्मचारी और कैदी उत्सव में व्यस्त थे, उसी का फायदा उठाकर दोनों आरोपी फरार हो गए। उन्होंने जेल की कोठरी की लोहे की छड़ें काट दीं और कंबल को रस्सी बनाकर दीवार फांदकर भाग निकले।

लंबे समय से फरार चल रहा राजा साहनी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया।