रुद्रपुर में हनीट्रैप गैंग का पर्दाफाश, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर। शहर में हनीट्रैप के जरिए व्यापारी से लाखों रुपये वसूलने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।

मामले में एक व्यापारी ने ट्रांजिट कैंप कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 27 मार्च को ‘प्रिया’ नामक युवती ने उसे फुलसुंगी श्मशान घाट के पास बुलाया और बहाने से अपने घर ले गई। वहां पहले से मौजूद चार युवक और एक अन्य युवती ने व्यापारी को बंधक बना लिया।

आरोप है कि आरोपियों ने व्यापारी के कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाई और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद वीडियो वायरल करने और झूठे दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग की गई।

डर के चलते व्यापारी ने अपने एक मित्र के माध्यम से 14 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए और बाद में 30 हजार रुपये नकद भी दे दिए।

कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोमवार को संभल (उत्तर प्रदेश) निवासी मोतीराम और ट्रांजिट कैंप निवासी पिंकी उर्फ काजल को उनके किराए के मकान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों के बुलावे पर एकांत स्थानों पर न जाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।