केदारनाथ हेली सेवा के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी, जल्द शुरू होगी टिकट बुकिंग

देहरादून। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने केदारनाथ हेली सेवा के संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब जल्द ही चयनित हेली कंपनियों को संचालन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी और इसके बाद टिकट बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

गौरतलब है कि केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को खुलने जा रहे हैं, जबकि हेली सेवा का संचालन 21 अप्रैल से शुरू होगा। इस बार गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा स्थित कुल नौ हेलिपैड से हेली सेवाएं संचालित की जाएंगी।

यूकाडा द्वारा कंपनियों के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और शीघ्र ही अलग-अलग हेलिपैड के लिए कंपनियों को जिम्मेदारी दी जाएगी। हेली सेवा के संचालन से श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

इस वर्ष हेली टिकटों की बुकिंग IRCTC website के माध्यम से की जाएगी। हालांकि, टिकट बुकिंग की तिथि का निर्धारण हेली कंपनियों के चयन और किराया तय होने के बाद ही किया जाएगा।

यूकाडा के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि सरकार के दिशानिर्देश मिलते ही जल्द टिकट बुकिंग शुरू कर दी जाएगी।