

रुड़की नगर निगम सभागार में किसानों की समस्याओं को लेकर आयोजित बैठक में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब कई विभागों के अधिकारी अनुपस्थित रहे। भारतीय किसान यूनियन (रोड) के पदाधिकारियों ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड ने कहा कि किसानों की समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन के लिए मजबूर होगा।
प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुशवाह ने स्मार्ट मीटर और बिजली विभाग की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि इससे किसान और आम उपभोक्ता परेशान हैं, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

युवा प्रदेश अध्यक्ष सचिन टोडा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगली बैठक में ठोस निर्णय नहीं हुआ तो किसान सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।
बैठक में किसानों ने कई प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें स्मार्ट मीटर का विरोध, इकबालपुर शुगर मिल पर बकाया भुगतान, चकबंदी मामलों का शीघ्र निस्तारण, ट्यूबवेल कनेक्शन पर सिक्योरिटी समाप्त करना और बिजली विभाग की विजिलेंस कार्रवाई पर रोक शामिल हैं।
यह बैठक ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट की मध्यस्थता में आयोजित हुई। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी मंगलवार को उनके कार्यालय में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ पुनः बैठक कर समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान सीओ मंगलौर अभिनय चौधरी और बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में बड़ी संख्या में किसान प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
