

लक्सर। विदेश में आकर्षक नौकरी और 1.20 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन दिलाने का झांसा देकर एक युवक से पांच लाख रुपये ठगने का आरोप सामने आया है। लक्सर क्षेत्र के एक गांव निवासी शेखर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पहचान लक्सर के एक युवक से हुई थी। उसने शामली निवासी अपने रिश्तेदार की विदेशों में अच्छी पहचान बताते हुए नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। झांसे में आकर शेखर ने आरोपियों को पांच लाख रुपये दे दिए। इसके बाद 29 जुलाई को उसे रूस भेज दिया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर वादे के मुताबिक नौकरी देने के बजाय मजदूरों की तरह काम कराया गया। पीड़ित का आरोप है कि उसे बंधक बनाकर रखा गया, दो-दो दिन तक खाना नहीं दिया गया और मारपीट भी की गई। किसी तरह वह रूस से वापस अपने घर पहुंचा। 10 अगस्त को जब उसने आरोपियों से इस संबंध में शिकायत की तो उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
