यमकेश्वर में नहीं थम रही गुलदार और बाघ की दहशत

खेत में पशु चरा रही महिला पर गुलदार ने किया हमला, पीठ पर नाखूनों के गहरे निशान

यमकेश्वर। विकासखंड यमकेश्वर के बडोली बड़ी गांव में गुलदार ने सोमवार शाम खेत में पशु चरा रही एक महिला पर हमला कर दिया। गुलदार का हमला बडोली प्राथमिक विद्यालय के निकट हुआ। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5:30 बजे अनिता देवी (45) पत्नी जयमल सिंह निवासी बडोली बड़ी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास खेत में गाय चरा रही थीं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए गुलदार ने पीछे से अचानक उन पर हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके की ओर दौड़े और शोर मचाकर गुलदार को जंगल की ओर भगाया।

हमले में महिला की पीठ पर गुलदार के नाखूनों के गहरे निशान आए हैं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) यमकेश्वर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

डेढ़ माह से दिखाई दे रहे गुलदार

ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र में पिछले एक से डेढ़ महीने से गुलदार की लगातार चहलकदमी देखी जा रही है। कई बार एक साथ तीन से चार गुलदार दिखाई देने की बात भी ग्रामीणों ने कही है। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद लैंसडौन वन प्रभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। दिनदहाड़े महिला पर हुए हमले के बाद ग्रामीणों में वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाने के साथ नियमित गश्त बढ़ाने और गुलदारों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।

कोट—
“बडोली गांव में महिला पर गुलदार के हमले की सूचना मिली है। टीम भेजी जा रही है। महिला की पूरी मदद की जाएगी।”