चंबा में शादी का खाना बना आफत: 35 लोग फूड पॉइजनिंग से बीमार, अस्पताल में भर्ती

चंबा। चंबा ब्लॉक के ढरसाल गांव में शादी समारोह का खाना खाने के बाद 35 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। सभी को उपचार के लिए चंबा और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 13 और 14 अप्रैल को बादशाहीथोल में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल लोगों ने खाना खाने के बाद तबीयत बिगड़ने की शिकायत की। इसके बाद बुधवार को 20 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि आज 15 अन्य लोगों को उपचार के लिए लाया गया।

अस्पताल में भर्ती मरीजों में महिलाओं की संख्या अधिक है। महिलाओं ने बताया कि उन्होंने शादी में गोलगप्पे और चाऊमीन का सेवन किया था, जिसके बाद उन्हें उल्टी, दस्त और कमजोरी की शिकायत हुई।

चंबा अस्पताल के सीएमएस डॉ. अमित राय के अनुसार, सभी मरीजों की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है। स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुट गया है और खाने के सैंपल भी लिए जा सकते हैं।

यह घटना शादी समारोहों में खाद्य सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े करती है।