


पिरान कलियर। नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को कलियर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद महाराष्ट्र के पुणे में छिपा हुआ था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि 14 मई को कोटा मुरादनगर निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर गांव के एक युवक पर अपनी नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत पुलिस टीम गठित कर आरोपी के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी महाराष्ट्र के पुणे में छिपा हुआ है और बाद में दिल्ली पहुंच गया। पुलिस ने लोकेशन के आधार पर निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के बाद वह गांव से फरार होकर पुणे चला गया था। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में विशाखा असवाल, सोनू कुमार और अमित कुमार शामिल रहे।
