


हरिद्वार। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को बुधवार को नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। हरिद्वार के खड़खड़ी श्मशान घाट में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। सेना एवं पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी।
खंडूड़ी की अंतिम यात्रा में भारी जनसैलाब उमड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित कई बड़े राजनेता उन्हें अंतिम विदाई देने हरिद्वार पहुंचे। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी के भी खड़खड़ी पहुंचने की सूचना है।

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी (सेनि.) के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश के विकास में उनका योगदान हमेशा मील का पत्थर बना रहेगा। उनके निधन से देश ने एक विशिष्ट सैनिक, सक्षम प्रशासक और असाधारण सत्यनिष्ठा वाले राजनेता को खो दिया है।
उपराष्ट्रपति बुधवार सुबह देहरादून स्थित बसंत विहार आवास पहुंचे और खंडूड़ी के पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पूर्व सहकर्मी के रूप में अपने पुराने संबंधों को भी याद किया। गौरतलब है कि बीती 17 जनवरी को देहरादून दौरे के दौरान भी उपराष्ट्रपति ने उनके आवास पहुंचकर उनका हालचाल जाना था।
जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी (सेनि.) का मंगलवार सुबह हल्का कार्डियक अरेस्ट आने से निधन हो गया। वह पिछले 49 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक उन्हें एक अप्रैल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां जांच में आंतों में रक्तस्राव की समस्या सामने आई थी। विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन उनकी हालत में लगातार गिरावट बनी रही।
मंगलवार सुबह करीब 11:10 बजे उन्होंने 91 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उनके निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है।
पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर राज्य सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इसके तहत प्रदेश के शासकीय, अशासकीय और निजी स्कूलों एवं कार्यालयों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
