बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 100 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान

रुड़की, कश्यप समाज के युवा नेता एवं समाजसेवी अंकुश राज की ओर से रविवार को नगर निगम रुड़की के सभागार में मेधावी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर परिवार और समाज का नाम रोशन करने वाले कश्यप समाज के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए अंकुश राज ने कहा कि “शिक्षा ही समाज को नई दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम है। आज के मेधावी बच्चे ही कल समाज और देश का भविष्य तय करेंगे। हमें शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बच्चों को आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग देना चाहिए।” उन्होंने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने भी शिक्षा के महत्व पर अपने विचार रखे। अरविंद कश्यप ने कहा कि समाज की प्रगति शिक्षित युवाओं के माध्यम से ही संभव है। पूर्व राज्य मंत्री नेपाल सिंह ने विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा दी। पार्षद सचिन कश्यप और पूर्व पार्षद संजय कश्यप ने कहा कि मेधावी छात्रों का सम्मान समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करता है।
सम्मानित विद्यार्थियों में शगुन कश्यप, सोनवीर सिंह कश्यप, दीया कश्यप, अमन कश्यप, ध्रुव कश्यप, युवा कश्यप समेत 100 से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल रहे। सभी को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।
इस अवसर पर फकीरचंद कश्यप, अधिवक्ता अजय कश्यप, बॉबी कश्यप, शिवम कश्यप, आशीष कश्यप, संजय कश्यप सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में कश्यप एकता मंच ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।