

Roorkee, हरिद्वार। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन के गोदाम के पास स्थित एक तालाब में शुक्रवार को एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। शव करीब दो माह पुराना बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जेब से मिले कागजातों के आधार पर फकरुद्दीन निवासी वासखेड़ा, झालावाड़, राजस्थान के रूप में हुई है।
शुक्रवार सुबह तालाब के पास से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने पानी में शव को देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय जलवीर मोनू की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई होगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
