

देहरादून। 23 जून को लाल पुल के पास हुई नगर बस दुर्घटना की अब मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने मामले की गहन एवं निष्पक्ष जांच के आदेश देते हुए जांच अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि 23 जून को नगर बस (संख्या UK07PA-0287) दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में पटेलनगर के राजीव नगर निवासी 22 वर्षीय आहद की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य यात्री घायल हुए थे। संबंधित बस सार्वजनिक सेवा वाहन के रूप में संचालित की जा रही थी।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जांच के दौरान दुर्घटना के सभी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। इसमें दुर्घटना के कारण, चालक सहित बस में सवार यात्रियों की वास्तविक संख्या, मृतक एवं घायलों का सत्यापन, घायलों की चिकित्सकीय स्थिति, मृतक के उत्तराधिकारियों का विवरण, परिवहन विभाग की तकनीकी जांच रिपोर्ट, वाहन के कर एवं मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अनुपालन की जांच शामिल होगी। साथ ही भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी रिपोर्ट में शामिल किए जाएंगे।
