24 घंटे में चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, जेवरात व नगदी बरामद

पिरान कलियर क्षेत्र के मेहवड़कला गांव में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और वारदात में इस्तेमाल की गई इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के अनुसार, मेहवड़कला निवासी अनिरुद्ध सैनी ने 2 मई को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल को परिवार के सदस्य घर से बाहर गए हुए थे। लौटने पर घर का मुख्य गेट और अलमारी का ताला टूटा मिला तथा सोने-चांदी के जेवरात और नगदी गायब थे।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर “ऑपरेशन प्रहार” के तहत टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों से पूछताछ की।

जांच के दौरान 3 मई की रात धनौरी रोड स्थित बावन दर्रा के पास नहर पटरी से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से चोरी किए गए जेवरात और 4 हजार रुपये नगद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुलशेर, निवासी लंढौरा (कोतवाली मंगलौर) बताया।

पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है और आरोपी से अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।