बेडपुर में आवारा कुत्तों के झुंड का हमला, सात वर्षीय बालक गंभीर घायल

कलियर, प्रतिनिधि। नगर पंचायत कलियर के बेडपुर क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड ने सात वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल बच्चे को उपचार के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, बेडपुर निवासी आबाद का सात वर्षीय पुत्र नबी गुरुवार को बेडपुर चौक के पास स्थित बस्ती में मौजूद था। इसी दौरान आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उस पर हमला कर दिया और शरीर के कई हिस्सों पर काटकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद परिजन घायल बच्चे को तत्काल रुड़की के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सड़क और गलियों में झुंड बनाकर घूमने वाले कुत्तों के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों में हमेशा भय का माहौल बना रहता है। लोगों ने बताया कि इससे पहले भी कलियर क्षेत्र में कई बच्चे और बुजुर्ग आवारा कुत्तों के हमलों में घायल हो चुके हैं, लेकिन समस्या के समाधान के लिए अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

स्थानीय निवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को शीघ्र पकड़कर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि काटने वाले आवारा कुत्तों की पहचान की जा रही है। उन्हें पकड़कर एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर भेजा जाएगा, ताकि समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।