गंगनहर किनारे अज्ञात महिला का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी

मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह गंगनहर किनारे एक अज्ञात महिला का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सूचना मिलते ही मंगलौर कोतवाली प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं महिला की हत्या की सूचना पर एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आसपास से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मृतका की उम्र करीब 40 वर्ष प्रतीत हो रही है। प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस मृतका की पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई है। इसके लिए महिला की फोटो आसपास के गांवों, थानों और पुलिस चौकियों में भेजी गई है। साथ ही घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों से लगातार पूछताछ की जा रही है, ताकि मामले से जुड़ा कोई अहम सुराग मिल सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका की शिनाख्त होते ही हत्या के कारणों और आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। पुलिस ने दावा किया है कि मामले का जल्द खुलासा कर हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।