


देहरादून। जनगणना कार्य के दौरान एक सहायक अध्यापिका पर रॉटविलर नस्ल के कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। यह घटना रविवार शाम इंद्रानगर क्षेत्र के मलिक चौक के पास हुई, जिसमें प्राथमिक विद्यालय पंडितवाड़ी में कार्यरत सहायक अध्यापिका आशा भंडारी घायल हो गईं। बताया गया कि वह जनगणना के सिलसिले में एक घर पर पहुंची थीं, तभी कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया।
घटना के बाद नगर निगम ने मामले का संज्ञान लेते हुए सोमवार को कुत्ते के मालिक अजय नेगी पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। जांच में सामने आया कि कुत्ते के पंजीकरण का कई वर्षों से नवीनीकरण नहीं कराया गया था। इसके साथ ही मालिक वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत नहीं कर सका।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2021 में कुत्ते का पंजीकरण कराया गया था, जिसकी वैधता केवल एक वर्ष तक थी। वैक्सीनेशन संबंधी दावों की भी जांच की गई, लेकिन स्पष्ट प्रमाण नहीं मिल सके। इसके चलते नगर निगम की टीम ने पंजीकरण नवीनीकरण नहीं कराने पर चालान जारी किया।
अधिकारियों ने संबंधित मालिक से शपथपत्र भी लिया है, जिसमें भविष्य में लापरवाही होने पर प्राथमिकी दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है।
