देहरादून में छिपा राजस्थान का 20 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने राजस्थान के 20 हजार रुपये के इनामी शातिर अपराधी को देहरादून से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी वर्ष 2014 में राजस्थान में लूट और अपहरण की वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार चल रहा था और पिछले 12 वर्षों से पहचान छिपाकर रह रहा था।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि बाहरी राज्यों के फरार अपराधियों की तलाश और जानकारी जुटाने के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान एसटीएफ को सूचना मिली कि राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में दर्ज लूट और अपहरण के मामले में वांछित आरोपी देवेश मोर्या देहरादून में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा है।

आरोपी पर राजस्थान पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। गोपनीय सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने कैंट थाना क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी देवेश मोर्या पुत्र नंद लाल मोर्या निवासी न्यू वसंत विहार, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को राजस्थान पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

एसटीएफ के अनुसार वर्ष 2014 में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर राजस्थान के बांसवाड़ा में एक व्यक्ति को एलआईसी एजेंट बनकर फोन किया था। मिलने के बहाने बुलाने के बाद आरोपी ने रिवॉल्वर दिखाकर उसका अपहरण किया और उसी की गाड़ी में लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा, लेकिन आखिरकार एसटीएफ की सतर्कता और मुखबिर तंत्र की मदद से उसे पकड़ लिया गया।