पिरान कलियर में अंबेडकर जयंती पर कार्यक्रम, बच्चों को बांटी गईं पुस्तकें

पिरान कलियर : संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर पिरान कलियर क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान बच्चों को कॉपी, किताबें और पेन वितरित किए गए तथा बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में समाजवादी अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राव धन्नू ने कहा कि बाबा साहब ने भारतीय संविधान के माध्यम से समाज के हर वर्ग को सम्मान और अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया है, जो आज भी प्रेरणादायक है।

वहीं मौसम अली ने अपने संबोधन में कहा कि देश की प्रगति बाबा साहब की विचारधारा के बिना संभव नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पालन करने की अपील की।

इस अवसर पर कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष महंत शुभम गिरी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष युवजनसभा आशीष यादव ने भी बाबा साहब के योगदान को याद करते हुए उनके सिद्धांतों पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उनके बलिदान और संविधान को हमेशा स्मरण रखा जाएगा।

कार्यक्रम में मौसम अली, राव धन्नू, आशीष यादव, महेंद्र, शुभम गिरी, रिहान, रईस, मोंटी समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।