नीट (यूजी) 2026 अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में मिलेगी निशुल्क यात्रा सुविधा

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने नीट (यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम की साधारण श्रेणी की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है।

सरकार के आदेश के अनुसार प्रदेश के स्थायी निवासी अभ्यर्थी अपना नीट (यूजी)-2026 प्रवेश पत्र दिखाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। यह व्यवस्था छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आर्थिक सहायता प्रदान करने और उनकी यात्रा संबंधी परेशानियों को कम करने के उद्देश्य से की गई है।

निर्देशों के मुताबिक यह निशुल्क यात्रा सुविधा परीक्षा तिथि से दो दिन पूर्व तथा परीक्षा समाप्त होने के दो दिन बाद तक मान्य रहेगी। इस अवधि के दौरान अभ्यर्थी उत्तराखंड परिवहन निगम की साधारण श्रेणी की बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगे।

इस संबंध में सचिव परिवहन बृजेश कुमार संत द्वारा उत्तराखंड परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को आवश्यक आदेश जारी कर दिए गए हैं। परिवहन विभाग को निर्देश दिया गया है कि आदेश का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र अभ्यर्थियों को सुविधा का लाभ समय पर मिल सके।

सरकार के इस निर्णय का प्रदेश के हजारों मेडिकल अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने स्वागत किया है। माना जा रहा है कि इससे दूरदराज क्षेत्रों से परीक्षा देने आने वाले छात्रों को विशेष राहत मिलेगी।