देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार को सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। यह महोत्सव भारत सरकार के खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह देहरादून स्थित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल के संयोजन में संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री धामी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को लेकर नई सोच विकसित हुई है। पहले जहां खेलों को सिर्फ मनोरंजन का माध्यम माना जाता था, वहीं अब खेलों को करियर और राष्ट्र निर्माण से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि “आज भारत के खिलाड़ी हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। चाहे ओलंपिक हों. कॉमनवेल्थ गेम्स या एशियन गेम्स भारतीय खिलाड़ी दुनिया में देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
सांसद खेल महोत्सव के तहत उत्तराखंड के सभी सांसद अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में प्रतियोगिताओं का आयोजन करेंगे। इस महोत्सव की शुरुआत न्याय पंचायत स्तर से होगी, जहां छात्र-छात्राएं 5 ओलंपिक खेलों और 3 पारंपरिक खेलों में भाग लेंगे। न्याय पंचायत स्तर पर विजेता खिलाड़ी अगले चरण में ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। ब्लॉक स्तर के विजेताओं के बीच जिला स्तर की प्रतियोगिता होगी। अंत में राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित किया है। अब सांसद खेल महोत्सव के जरिए गांव-गांव तक खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है। ‘खेल व्यक्ति को अनुशासित, आत्मविश्वासी और स्वस्थ बनाते हैं। एक खिलाड़ी जब मैदान में उतरता है तो वह सिर्फ पदक नहीं जीतता, बल्कि देश की प्रतिष्ठा भी बढ़ाता है. मुख्यमंत्री ने कहा। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार राज्य में खेलों के उत्थान के लिए नई खेल नीति लागू कर चुकी है। सरकार प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित कर रही है। इसके अलावा स्पोर्ट्स लिगेसी प्लान भी तैयार किया जा रहा है, जिसके तहत हर साल हजारों युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण मिलेगा। धामी ने कहा कि हाल ही में हुए राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम ऊंचा किया है। राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना का विकास करना और उन्हें नशा व अन्य बुराइयों से दूर रखना है। खेल महोत्सव के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच मिलेगा और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने खिलाड़ियों से संवाद किया और उन्हें खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के साथ सांसद खेल महोत्सव का समापन होगा। इस अवसर पर खेल विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यालय के छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। देहरादून में शुरू हुआ यह महोत्सव आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में खेलों की नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा।


