अजमेरी बाजार अग्निकांड के पीड़ित दुकानदारों से मिले विधायक हाजी फुरकान अहमद

नुकसान का लिया जायजा, मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने का दिया आश्वासन

पिरान कलियर। दरगाह पहाड़ी के पास अजमेरी बाजार में देर रात तीन दुकानों में लगी आग से हुए नुकसान का जायजा लेने मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक हाजी फुरकान अहमद मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित दुकानदारों से घटना की जानकारी ली और आग से हुए नुकसान का आकलन किया।

विधायक ने दुकानदारों को हरसंभव आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आग की घटना में दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है और पीड़ितों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता की जाएगी।

हाजी फुरकान अहमद ने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष से भी पीड़ित दुकानदारों को आर्थिक मदद दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

इस दौरान क्षेत्र में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर भी विधायक ने अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करे, लेकिन किसी भी व्यक्ति के साथ अनावश्यक रूप से अन्याय नहीं होना चाहिए।

मौके पर इस्तेकार प्रधान, परवेज मलिक, कल्लू त्यागी, खालिद मलिक, मुरसलीन सिद्दीकी, नवीस अहमद, सलीम पीरजी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।