देहरादून में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: सुनील राठी गैंग के दो सदस्य अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार

उत्तराखंड। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने देहरादून में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी सुनील राठी गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, एक स्कॉर्पियो-एन वाहन, दो आईफोन और 40 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।

गोपनीय सूचना पर हुई कार्रवाई

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि पौड़ी गढ़वाल जेल में बंद सुनील राठी अपने गैंग के जरिए देहरादून में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर टीम गैंग के सदस्यों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।

26 फरवरी 2026 को एसटीएफ टीम सहस्त्रधारा रोड क्षेत्र में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गैंग के दो सदस्य काले रंग की स्कॉर्पियो से सहस्त्रधारा की ओर आ रहे हैं। पुलिस ने पैसिफिक गोल्फ एस्टेट के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

तलाशी में मिले अवैध हथियार

वाहन में सवार दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उन्होंने अपने नाम भानू चौधरी (22 वर्ष) निवासी सहारनपुर और पारस (28 वर्ष) निवासी मुजफ्फरनगर बताए। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक .32 बोर पिस्टल और कुल सात जिंदा कारतूस बरामद हुए।

जमीन विवादों में वसूली का आरोप

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी सुनील राठी के संपर्क में थे और कई बार पौड़ी जेल में उससे मिलने भी गए थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विवादित जमीनों के मामलों में सुनील राठी का नाम लेकर लोगों को डराते थे और समझौता कराने के बदले मोटी रकम वसूलते थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 111(3) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर राजपुर थाना में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।