ढाढेकी में भूमि विवाद ने बढ़ाया तनाव, दोनों पक्षों ने लगाए फायरिंग के आरोप

लक्सर, संवाददाता।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के ढाढेकी गांव में चल रहे भूमि विवाद को लेकर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते एक माह से विवाद में उलझे दोनों पक्ष कई बार आमने-सामने आ चुके हैं। इसी क्रम में सोमवार को एक बार फिर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायरिंग करने के आरोप लगाए, जिससे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, भूमि विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी खेत में खड़ी फसल नष्ट करने, मारपीट तथा फायरिंग के आरोप लग चुके हैं। मामले में धर्म सिंह की ओर से 5 मई को नौ लोगों के खिलाफ, अरुण ने 6 मई को दस लोगों के खिलाफ, नाथीराम ने 6 जून को अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ तथा ब्रिजेश ने 7 जून को आठ नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ लक्सर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

सोमवार को हुई ताजा घटना में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायरिंग करने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम गांव पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से इस मामले में पुलिस को लिखित तहरीर नहीं दी गई थी।

गांव में लगातार बढ़ रहे विवाद और फायरिंग के आरोपों को देखते हुए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की जांच कर रहा है।

लक्सर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची थी। फायरिंग की घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है तथा गांव में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।