हनुमान ध्वजा स्थापना के साथ रामलीला महोत्सव-2026 का शुभारंभ

पुरानी टिहरी की 1952 से चली आ रही रामलीला परंपरा देहरादून में फिर जीवंत, आधुनिक तकनीक के साथ होगा मंचन

देहरादून। रेसकोर्स स्थित श्री गुरु नानक मैदान में शुक्रवार को श्री रामकृष्ण लीला समिति टिहरी 1952 की ओर से भव्य रामलीला महोत्सव-2026 का शुभारंभ हनुमान ध्वजा स्थापना के साथ हुआ। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ढोल-दमाऊ की मंगल ध्वनि के बीच हनुमान ध्वज की परिक्रमा, पूजा-अर्चना और हवन किया गया। इसके बाद विधि-विधान से ध्वजा स्थापित कर रामलीला की रिहर्सल शुरू की गई।

समिति अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि पुरानी टिहरी की रामलीला उत्तराखंड की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है। वर्ष 1952 से चली आ रही इस परंपरा को देहरादून में वर्ष 2023 से पुनर्जीवित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी रामलीला की पारंपरिक चौपाई, कथा, संवाद और मंचन शैली को आधुनिक तकनीक के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।

महोत्सव के दौरान भव्य कलश यात्रा, डिजिटल लाइव टेलीकास्ट, लेजर एवं साउंड शो, मेला और बच्चों के लिए झूले-चरखी आकर्षण का केंद्र होंगे। विजयादशमी के अवसर पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के विशाल पुतलों का दहन किया जाएगा।

अभिनव थापर ने बताया कि वर्ष 2025 की रामलीला को विभिन्न माध्यमों से 82 लाख से अधिक दर्शकों ने देखा था। इस वर्ष भी आयोजन को भव्य स्वरूप देने की तैयारियां की गई हैं।

कार्यक्रम में समिति के सचिव अमित पंत, गिरीश पैन्यूली, नरेश कुमार, गिरीश पांडे, दुर्गा भट्ट, नीता बहुगुणा, अजय पैन्यूली, नितिन डंगवाल, आशीष भूटानी और रामेन्द्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।