वर्दी नहीं, जज़्बे से बनते हैं हीरो: शिवपुरी में गाइड विपिन शर्मा ने उफनती गंगा से बचाई पर्यटक की जान

Dehradun: असली हीरो पहचान से नहीं, बल्कि साहस और सूझबूझ से पहचाने जाते हैं। शिवपुरी स्थित साहसिक प्रशिक्षण केंद्र में तैनात मुख्य गाइड विपिन शर्मा ने यह बात साबित कर दिखाया। उफनती गंगा में डूब रहे एक पर्यटक को न केवल उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर बाहर निकाला, बल्कि समय पर सीपीआर देकर उसकी थमती सांसों को दोबारा जीवन दे दिया। पर्यटक को बचाने का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

युवा कल्याण विभाग देहरादून के अंतर्गत साहसिक प्रशिक्षण केंद्र शिवपुरी में राफ्टिंग का प्रशिक्षण दे रहे मुख्य गाइड विपिन शर्मा ने गुरुग्राम निवासी पर्यटक अविनाश की जान बचाई। नदी से बाहर निकालने के बाद उन्होंने करीब 15 मिनट तक कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन दिया, जिसके बाद लगभग 40 से 45 मिनट में पर्यटक की हालत सामान्य हो गई। अविनाश के दोस्तों ने गाइड और उनकी टीम का आभार जताया।

घटना का पूरा घटनाक्रम
यह घटना 25 जनवरी को अपराह्न करीब एक बजे की है। विपिन शर्मा मरीन ड्राइव से शिवपुरी के बीच युवाओं को राफ्टिंग का प्रशिक्षण दे रहे थे। इसी दौरान यूसुफ बीच के पास उन्हें चीख-पुकार सुनाई दी। पता चला कि एक युवक गंगा में डूब रहा है। विपिन ने तुरंत सीटी बजाकर अन्य राफ्ट गाइडों को सतर्क किया।

उनके सहायक गाइड जितेंद्र त्यागी ने तुरंत रस्सी फेंकी, जबकि विपिन शर्मा खुद गंगा में कूद पड़े। कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने डूब रहे पर्यटक को पकड़कर किनारे तक पहुंचाया। इस दौरान पर्यटक बेसुध हो चुका था और उसका एयरवे ब्लॉक हो गया था।

विपिन ने हाथ से एयरवे खोलने का प्रयास किया और टीम के साथ मिलकर सीपीआर देना शुरू किया। करीब 15 मिनट की मेहनत के बाद पर्यटक की सांसें लौट आईं। इसके बाद 108 आपातकालीन सेवा को सूचना दी गई। एंबुलेंस पहुंचने पर पर्यटक खुद चलकर वाहन में बैठा और अस्पताल रवाना हुआ।

दोस्त को बचाया, खुद बहने लगा गंगा में
थाना मुनि की रेती प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि अविनाश अपने पांच दोस्तों के साथ यूसुफ बीच घूमने गया था। गंगा में आचमन के दौरान एक दोस्त की चप्पल बहने लगी। चप्पल पकड़ने के प्रयास में वह दोस्त तेज बहाव में फंस गया। दोस्त को बचाने के लिए अविनाश गंगा में उतरा और दोस्त को तो बचा लिया, लेकिन खुद गंगा के तेज बहाव में डूबने लगा। बाद में गाइडों की तत्परता से उसकी जान बच सकी।

स्थानीय लोगों और पर्यटकों का कहना है कि रीवर गाइड केवल रोमांच ही नहीं, बल्कि जीवनरक्षक भी होते हैं। ऐसे साहसी गाइडों को पर्यटन विभाग और संबंधित समितियों द्वारा सम्मानित किया जाना चाहिए।