एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत हीमोग्लोबिन जाँच शिविर आयोजित

रुड़की। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर एनीमिया मुक्त भारत का संकल्प लेकर राष्ट्रीय स्तर पर महिला सहभागिता गतिविधि के अंतर्गत मंगलवार, 18 अगस्त 2026 को पूरे NCR-1 में हीमोग्लोबिन जाँच शिविरों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में भारत विकास परिषद अविरल गंगा शाखा, रुड़की द्वारा मारवाड़ कन्या पाठशाला, कैंट एरिया, लालकुर्ती, रुड़की में हीमोग्लोबिन जाँच शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती भारती अग्रवाल एवं समस्त विद्यालय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। सैनी पैथोलॉजी के सहयोग से लगभग 75 छात्र-छात्राओं, महिलाओं एवं पुरुषों के रक्त के नमूने लेकर हीमोग्लोबिन की जाँच की गई। विद्यालय के अध्यापकों एवं भोजन माताओं ने भी उत्साहपूर्वक अपनी हीमोग्लोबिन जाँच कराकर इस जागरूकता अभियान में सहभागिता की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री ऋषिपाल सैनी, संचालक ऋषि हॉस्पिटल, का विशेष एवं सराहनीय सहयोग रहा। उन्होंने स्वास्थ्य जाँच संबंधी व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया।सभी को अंत में बिस्कुट और फ्रूटी का वितरण किया गया।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद अविरल गंगा शाखा की अध्यक्ष श्रीमती रीति वर्मा, श्रीमती नीलम मधोक, एडवोकेट प्रीति अग्रवाल, श्री नीरज मित्तल, श्रीमती नीलम शर्मा, श्री ऋषिपाल सैनी एवं श्रीमती विमलेश गिरी उपस्थित रहे।
शाखा पदाधिकारियों ने कहा कि एनीमिया विशेषकर महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य को प्रभावित करने वाली एक गंभीर समस्या है। समय पर हीमोग्लोबिन की जाँच एवं उचित जागरूकता के माध्यम से इसके प्रभाव को कम किया जा सकता है। इस प्रकार के शिविर समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।