भारी बारिश का रेल संचालन पर असर, बांद्रा-हरिद्वार एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें निरस्त

हरिद्वार। देश के कई राज्यों में हो रही भारी बारिश और जलभराव का असर रेल संचालन पर भी पड़ने लगा है। पश्चिम रेलवे के गवड-उभराट रेलखंड में जलभराव के कारण बांद्रा टर्मिनस–हरिद्वार एक्सप्रेस का संचालन निरस्त कर दिया गया है। वहीं, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में भी रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि पश्चिम रेलवे के गवड-उभराट रेलखंड पर रेल पुल संख्या-203 के पास जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। सुरक्षा के मद्देनजर इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

इसके चलते गाड़ी संख्या 19019 बांद्रा टर्मिनस–हरिद्वार एक्सप्रेस का शुक्रवार का संचालन निरस्त कर दिया गया। वहीं गाड़ी संख्या 19020 हरिद्वार–बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस शनिवार को भी रद्द रहेगी।

उधर, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के सिमालगुड़ी यार्ड के पास नदी का जलस्तर बढ़ने से रेलवे ट्रैक जलमग्न हो गया है। इसके कारण कई ट्रेनों को निरस्त करने के साथ कुछ का संचालन परिवर्तित मार्ग से किया जा रहा है।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 15934 अमृतसर–न्यू तिनसुकिया एक्सप्रेस शुक्रवार को निरस्त रही। इसके अलावा 15910 लालगढ़–डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस और 15904 चंडीगढ़–डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का संचालन वैकल्पिक मार्ग से कराया जा रहा है। यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की गई है।