ग्राफिक एरा के कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह को मिलेगा लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

देहरादून, ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह को रसायन विज्ञान के क्षेत्र में शोध, विकास और नवाचार के लिए प्रतिष्ठित लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें इंडियन केमिकल सोसायटी (ICS) की ओर से प्रदान किया जाएगा।
इंडियन केमिकल सोसायटी देश में रसायन विज्ञान, रासायनिक तकनीक और उद्योग के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली प्रतिष्ठित संस्था है। डॉ. नरपिंदर सिंह ने रासायनिक विज्ञान एवं इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अपने लंबे और उल्लेखनीय शोध कार्यों के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।
शोध और नवाचार के क्षेत्र में उनके कार्यों ने न केवल रासायनिक विज्ञान से जुड़े ज्ञान और तकनीकी विकास को आगे बढ़ाया है, बल्कि रासायनिक एवं संबद्ध उद्योगों तथा समाज के लिए भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। शोध के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता, अकादमिक उत्कृष्टता और नवाचार के प्रति समर्पण ने उन्हें इस क्षेत्र में एक सम्मानित व्यक्तित्व के रूप में स्थापित किया है।
डॉ. नरपिंदर सिंह को दिया जाने वाला यह सम्मान रासायनिक विज्ञान एवं इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान, शोध के प्रति समर्पण और नवाचार की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता माना जा रहा है।
डॉ. सिंह को यह प्रतिष्ठित सम्मान इंडियन केमिकल सोसायटी के 63वें वार्षिक कन्वेंशन ऑफ केमिस्ट्स (ACC-2026) के दौरान प्रदान किया जाएगा। यह सम्मेलन 14 से 16 दिसंबर 2026 तक देहरादून स्थित ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित होगा।