
रुड़की। फायर स्टेशन रुड़की को प्रातः 7:55 बजे सूचना प्राप्त हुई कि बीईजी एंड सेंटर क्षेत्र स्थित एक आवासीय भवन के किचन में गैस सिलेंडर में लिंकेज के कारण आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर यूनिट मोटर फायर इंजन के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि नायक नंदन कुमार के आवासीय घर के किचन में सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण आग भड़क रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर कर्मियों ने हाई प्रेशर होजरील फैलाकर पंपिंग शुरू की और सिलेंडर में लगी आग को पूरी तरह से बुझा दिया।
फायर टीम की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से सिलेंडर को फटने से बचा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग से गैस पाइप सहित अन्य सामान जल गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते कार्रवाई न होने पर सिलेंडर फटने से बड़ा नुकसान हो सकता था।
घटनास्थल पर कोतवाली सिविल रुड़की के चेतक पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। अग्निशमन कार्य पूर्ण होने के बाद घटना की सूचना कंट्रोल रूम रुड़की को दे दी गई।
मौके पर मौजूद सेना के उच्च अधिकारियों एवं जवानों ने फायर यूनिट रुड़की की त्वरित प्रतिक्रिया, उत्कृष्ट रिस्पांस टाइम और जोखिमपूर्ण कार्रवाई की सराहना की।
घटनास्थल पर गई टीम में लीडिंग फायरमैन राजेश कुमार, चालक (डीवीआर) विपिन तोमर, फायरमैन सुनील सिंह और फायरमैन शंकर कुमार शामिल रहे।
