तिरंगे के रंग में रंगा दून, अमर उजाला की तिरंगा पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस से पहले बुधवार को देहरादून देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। अमर उजाला की ओर से ‘मां तुझे प्रणाम’ कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 12 अगस्त को शहर में तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। स्वतंत्रता दिवस के जश्न को शहरवासियों के साथ साझा करने के उद्देश्य से आयोजित इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

पदयात्रा परेड ग्राउंड से शुरू होकर एश्लेहॉल चौक होते हुए घंटाघर चौक पर समाप्त हुई। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते लोगों ने पूरे शहर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, व्यापारिक संगठनों, विभिन्न सामाजिक संगठनों और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बच्चों और युवाओं में भी पदयात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

अलग-अलग रूपों में नजर आए बच्चे

पदयात्रा के दौरान बच्चों की अलग-अलग वेशभूषा आकर्षण का केंद्र रही। कई बच्चे देश के महापुरुषों और भारत माता के रूप में सजकर पहुंचे। भारत माता के रूप में दून की बेटी ने देशप्रेम, मातृभूमि के सम्मान और शौर्य का संदेश दिया।

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक भारतीय परिधान में भी पहुंचे। बच्चों ने अपनी वेशभूषा और प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति की भावना को जीवंत कर दिया।

देशभक्ति के जज्बे के साथ शामिल हुए शहरवासी

‘मां तुझे प्रणाम’ अभियान के तहत आयोजित तिरंगा पदयात्रा में शहरवासियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। हाथों में तिरंगा और दिल में देशभक्ति का जज्बा लिए लोग पदयात्रा में शामिल हुए।

कार्यक्रम में देशभक्ति के रंग में सजकर पहुंचे बच्चों को अमर उजाला की ओर से विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया। पदयात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर में राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।