मऊ: उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह अपने समर्थकों के साथ नामांकन कराने के लिए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान उनके समर्थकों को पुलिस ने अन्दर जाने रोक दिया। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि समाजवादी लोगों के साथ पुलिस सौतेला व्यवहार कर रही है। कार्यकर्ताओं ने बताया कि पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में 40 से 50 लोगों को अन्दर जाने दिया जबकि सपा के प्रत्याशी के समर्थन में सिर्फ चार लोगों को अन्दर जाने की अनुमति दी गई। हालांकि इस दौरान पुलिस के उच्च अधिकारियों ने मामले को समझा बुझा कर मामले को शांत करा दिया। सपाइयों ने पुलिसकर्मियों पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार दारा सिंह चौहान ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया। चौहान ने जिलाधिकारी कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया। घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव चौहान द्वारा विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिए जाने के कारण कराया जा रहा है। चौहान विधानसभा चुनाव 2022 में इस सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीते थे। वह पिछले महीने सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे और विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उपचुनाव की घोषणा होने के बाद भाजपा ने चौहान को ही अपना उम्मीदवार बनाया है।
चौहान के पर्चा भरने से पहले बापू इंटर कॉलेज में एक जनसभा हुई, जिसे प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। उपमुख्यमंत्री पाठक ने जनता से उपचुनाव में दारा सिंह चौहान को विजयी बनाने और प्रदेश की लोक कल्याणकारी सरकार को मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ने कहा, ‘‘दारा सिंह चौहान के नामांकन से पहले जनसभा में उमड़ी भीड़ से साफ है कि उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी की बड़ी जीत होने वाली है। भाजपा वंचितों और गरीबों की सरकार है और वह बिना किसी भेदभाव के सभी को योजनाओं का लाभ देती है।”
दूसरी ओर, सपा लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा को झटका देने की कोशिश करेगी और राज्य में अपने मूल मतदाताओं को एक मजबूत संदेश देने का प्रयास करेगी। प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 255 विधायक हैं, जबकि उसके सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) और निषाद पार्टी के क्रमशः 13 विधायक और छह विधायक हैं। भाजपा के नए सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के विधानसभा में छह विधायक हैं।
सपा के पास 108 विधायक हैं जबकि उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के पास नौ विधायक हैं। कांग्रेस और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के पास 2-2 विधायक हैं, जबकि बसपा का एक विधायक है। विधानसभा में एक सीट (घोसी) खाली है। पूर्वांचल की घोसी विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलॉपमेंटल इनक्लूसिव एलायंस) के गठन और पूर्वांचल में असरदार मानी जाने वाली सुभासपा के भाजपा नेता राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने के बाद राज्य में होने वाला यह पहला चुनाव है। सपा ने रविवार को घोसी विधानसभा उपचुनाव के लिये राजपूत सुधाकर सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। उसके अगले ही दिन भाजपा ने दारा सिंह चौहान को मैदान में उतारने की घोषणा कर दी।
NEWS SOURCE : punjabkesari
