ज्वैलर्स की दुकान में सेंधमारी का खुलासा, लाखों के सोने-चांदी के आभूषण बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

रुड़की,
कोतवाली गंगनहर पुलिस ने ज्वैलर्स की दुकान में हुई नकबजनी (सेंधमारी) की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

गंगनहर कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि ज्वैलर्स की दुकान में हुई चोरी के संबंध में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान गंगनहर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के बड़ौत क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में स्वर्ण एवं रजत आभूषण बरामद हुए। बरामद सामान में सोने का हार, मांग टीके, झुमके तथा बड़ी संख्या में चांदी की बालियां, अंगूठियां, ताबीज, कंगन, लॉकेट, चेन, पायजेब, बिछुए और शिव प्रतिमा सहित विभिन्न आभूषण शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिन पुत्र शाह आलम (35 वर्ष) निवासी शहीद नगर, जवाहर पार्क, थाना साहिबाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी में शामिल अन्य सदस्यों तथा पूरे नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

इस कार्रवाई में गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार, उपनिरीक्षक संजीव चौहान, उपनिरीक्षक ब्रह्मदत्त बिलज्वाण सहित सीआईयू रुड़की और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी की भी संभावना है।