भाकियू (अम्बावता) का विशाल किसान काफिला हरिद्वार रवाना, राष्ट्रीय अधिवेशन में उठेंगे किसानों के मुद्दे

रुड़की, भारतीय किसान यूनियन (अम्बावता) के राष्ट्रीय अधिवेशन एवं चिंतन शिविर में भाग लेने के लिए प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों वाहनों का विशाल काफिला रुड़की से हरिद्वार के लिए रवाना हुआ। किसानों के जोश और उत्साह से भरे इस भव्य कार जुलूस ने शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया। काफिले में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और संगठन के झंडों व नारों के साथ किसान एकता का संदेश दिया।

प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चौधरी ने बताया कि 10 से 12 जून तक हरिद्वार में भारतीय किसान यूनियन (अम्बावता) का तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन एवं चिंतन शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषिपाल अम्बावता, राष्ट्रीय कोर कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों सहित देशभर से हजारों किसान भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किसान खेती की बढ़ती लागत, फसलों के उचित मूल्य, सिंचाई, बिजली, आवारा पशुओं की समस्या तथा आर्थिक संकट जैसी कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। इन मुद्दों पर अधिवेशन में व्यापक चर्चा की जाएगी। साथ ही किसानों की मांगों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और उनके हितों की रक्षा के लिए आगामी आंदोलन तथा संगठनात्मक रणनीति भी तैयार की जाएगी।

सुभाष चौधरी ने कहा कि खेती लगातार घाटे का सौदा साबित हो रही है और किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित यह चिंतन शिविर किसानों की आवाज को मजबूत करने का कार्य करेगा।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से हजारों किसान अधिवेशन में शामिल होने के लिए हरिद्वार पहुंच रहे हैं। किसानों की एकजुटता और अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने के उद्देश्य से निकाला गया यह विशाल कार जुलूस पूरे मार्ग में आकर्षण का केंद्र बना रहा।

इस अवसर पर चौधरी नेत्रपाल सिंह, दीपक पंवार, राव बिलावर, विशाल चौधरी, राव ताज मोहम्मद, तौकीर आलम, प्रेम सिंह, कुलदीप चौधरी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर किसानों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने किसान हितों की लड़ाई को और अधिक मजबूती देने का संकल्प लिया।